महराजगंज। बारिश के मौसम में डेंगू के खतरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। डेंगू मरीजों के लिए सरकारी अस्पतालों में बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पताल संचालक और डॉक्टर को डेंगू-मलेरिया की सही जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, बारिश का मौसम चल रहा है। इसमें डेंगू का लार्वा अधिक पनपने का खतरा रहता है, जिससे लोग डेंगू की चपेट में आ जाते हैं। लोगों को डेंगू से बचाने के लिए संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव-गांव में घर-घर जाकर डेंगू लार्वा चेक कर रही हैं।
साथ ही लोगों को भी डेंगू के प्रति जागरूक कर रही हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से वर्तमान में जिले के सभी 17 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 4-4 बेड और जिला अस्पताल में 10 बेड आरक्षित किया गया है।
इसके अलावा प्रत्येक सरकारी अस्पतालों में डेंगू और मलेरिया के संभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त तैयारी कर ली गई है।