महराजगंज। अनुभवात्मक व सृजनात्मक प्रशिक्षण के लिए जिले से विद्यार्थियों का समूह एक सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त करने बड़नगर गुजरात जाएगा। जनपद के 45 स्कूल से 9वीं से 12वीं के बच्चों का पंजीकरण प्रेरणा उत्सव के तहत करते हुए प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया गया है।
जनपद के विद्यार्थी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 व अनुभवात्मक कौशल प्राप्त करने गुजरात के बड़नगर अगले माह एक सप्ताह के लिए जाएंगे। शिक्षा निदेशालय की तरफ से इसके लिए प्रेरणा उत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए चयन का दायित्व डीआईओएस कार्यालय को देकर जनपदीय नोडल का दायित्व जवाहर नवोदय प्राचार्य को दिया गया है। नवोदय महराजगंज के प्रभारी प्राचार्य आरके राय ने बताया कि प्रेरणा उत्सव का जनपद स्तरीय आयोजन आज तीन से छह बजे तक नवोदय परिसर में होगा।
कुल 1258 विद्यार्थियों ने इसमें प्रतिभाग का आवेदन किया है। आज के कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि शामिल हो रहे विद्यार्थियों में से उनका चयन किया जा सके जो इस प्रशिक्षण की पात्रता रखते हैं।