निकाह 15 जनवरी 2022 को इरफान आलम निवासी परतावल के साथ हुआ था
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के परतावल वार्ड नंबर 10 शिवनगर निवासी हाजरा खातून ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके ससुराल वाले विवाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।
हाजरा खातून के मुताबिक, उनका निकाह 15 जनवरी 2022 को इरफान आलम निवासी परतावल के साथ हुआ था। विवाह में उनके माता–पिता ने लगभग चार लाख रुपये नकद सहित घरेलू सामान आदि दिया था। इसके बावजूद ससुर आलम हुसैन, सास तसीबुन निशा और देवर इरशाद आलम आदि मिलकर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। हाजरा के अनुसार, कई बार दोनों पक्षों में पंचायत भी हुई लेकिन ससुराल वाले बिना अतिरिक्त दहेज के उन्हें स्वीकार करने को तैयार नहीं हुए। उनके पति विदेश रहते हैं और उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व ससुराल वालों ने मारपीट कर उनका संपूर्ण स्त्रीधन छीन लिया और गाली-गलौज करते हुए घर से भगा दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वह बिना दहेज के दोबारा घर में दाखिल हुई तो उसकी हत्या कर टुकड़े-टुकड़े करके फेंक दिया जाएगा।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर ससुर आलम हुसैन, सास तसीबुन निशा और देवर इरशाद आलम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है।