11 हजार तो कहीं 33 हजार वोल्ट की लाइन पर गिरे पेड़, टूटे पोल और ट्रांसफार्मर ने बढ़ाई परेशानी
बिजली निगम की प्रत्येक टीम में तीन कर्मचारी शामिल
महराजगंज। जिले में बीते दिनों आई तेज आंधी और बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। सदर, फरेंदा, निचलौल और नौतनवां तहसील क्षेत्र के शहरों के अलावा करीब 91 गांवों में रविवार देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। कई स्थानों पर 11 हजार तो कहीं 33 हजार वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिरने से तार और पोल क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली कटौती से लोगों को पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा।
विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता एके यादव ने बताया कि करीब 20 गांवों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष गांवों में बिजली आपूर्ति शुरू कराने के लिए करीब 50 टीमें लगाई गई हैं। प्रत्येक टीम में तीन कर्मचारी शामिल हैं। चौमुखा फीडर को जाने वाली मुख्य लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति प्रभावित हुई थी। यहां भी टीम लगाकर काम कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आंधी के दौरान क्षतिग्रस्त हुए तीन ट्रांसफार्मरों को बदल दिया गया है। करीब 20 टूटे पोलों को ठीक करने का काम भी चल रहा है। बिजलीकर्मी क्षतिग्रस्त लाइनों और पोलों को दुरुस्त कर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार, अधिशासी अभियंता संजय सागर ने बताया कि क्षेत्र के 11 गांवों में अभी बिजली आपूर्ति ठप है। आपूर्ति बहाल करने के लिए छह टीमें लगाई गई हैं। कर्मचारी क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे हैं। फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार, अधिशासी अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि हरपुर फीडर से बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जिन गांवों में अभी बिजली नहीं पहुंची है, वहां भी टीम लगाकर काम कराया जा रहा है।
27 घंटे बाद 12 गांवों की आपूर्ति बहाल
अड्डा बाजार। हाइडिल क्षेत्र के दर्जन भर गांवों की बिजली 27 घंटे बाद बहाल कर दी गई। बिजली कर्मियों ने रविवार की सुबह 7 बजे तक मरम्मत कार्य के बाद आपूर्ति बहाल की। शुक्रवार की रात 3:15 बजे बारिश और तेज आंधी के बीच पेड़ गिरने की वजह से हाइडिल की सप्लाई ठप हो गई थी। 19 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शनिवार की रात 10 बजे क्षेत्र की बिजली बहाल कर दी गई। लाइनमैन राजेश सिंह के अनुसार नरकटहा, बरवाकला, महुअवा, चौतरवां, बगहा, खरगबरवा, रगरगंज और टेढ़ी समेत 12 गांवों में बिजली 27 घंटे बाद यानी रविवार की सुबह 7 बजे पहुंची। इस बाबत अवर अभियंता शशिकांत वर्मा ने कहा कि कुछ गांवों छोड़कर देर रात में क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई थी। रविवार की सुबह तक सब जगह बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है। संवाद