महराजगंज। डाक विभाग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अब उपभोक्ताओं को परेशान नहीं होना पड़ेगा। डाक विभाग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत मोहल्ला व बाजारों में परामर्श शिविर लगाएगा। डाक विभाग से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी देने के साथ ही लोगों की समस्याओं का समाधान भी होगा।
कार्यक्रम के तहत जिले में स्थित डाकघर के कर्मचारी प्रत्येक महीने में एक दिन अपने नजदीकी मोहल्ला व बाजारों में शिविर लगाएंगे। शिविर में लोगों का खाता खुलवाने के साथ ही डाकघर बचत योजना व सुकन्या योजना आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से मिलने वाली सुविधाएं भी बताई जाएंगी।
प्रधान डाकघर के एपीओ रामबदन निगम ने बताया कि अभी समयसारिणी जारी नहीं की गई है। जल्द शेड्यूल तैयार कर शिविर लगाया जाएगा। मुख्यालय के सक्सेना चौक, धनेवा धनेई, पकड़ी, शिकारपुर, मुख्यालय चौराहा पर प्रधान डाकघर की ओर से कैंप लगाने की तैयारी की जा रही है। संवाद