महराजगंज। दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना में संशोधन के लिए शासन ने विद्यार्थियों को मौका उपलब्ध कराते हुए बुधवार से पोर्टल खोल दिया है। जिन विद्यार्थियों ने अभिभावक की जगह अपना आय प्रमाणपत्र लगा दिया है वह संशोधन अपनी लॉग इन आईडी से कर सकते हैं। इसके बाद संस्था 13 फरवरी तक आवेदनों को फिर से अग्रसारित करेगी। विद्यार्थी 10 फरवरी तक पोर्टल पर अपना संशोधन कर सकते हैं।
छात्रवृत्ति के लिए कक्षा 11 और 12 के वह विद्यार्थी जो आवेदन करने से चूक गए थे वह भी लाभ उठाते हुए आवेदन कर सकते है। शासन से दशमोत्तर योजना के तहत कक्षा 11 व 12 उच्च शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों का ऑनलाइन आवेदन जमा किए गए थे, जिसमें काफी त्रुटियां थीं। कई आवेदकों ने अभिभावक आय प्रमाणपत्र की जगह अपना प्रपत्र संलग्न कर दिया था।
शासन की मंशा सभी को योजना का लाभ देने की है। आवेदन में त्रुटियों की वजह से कोई छात्र लाभ पाने से वंचित न रह जाए। इसके लिए आवेदन में संशोधन का मौका दिया गया है। संशोधन के बाद आवेदन जमा करने की तिथि 13 फरवरी निर्धारित की गई है। संवाद