महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के निर्देश पर सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने बृहस्पतिवार को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित मंदिरों, मस्जिदों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की जांच की। साथ ही साउंड लिमिट अधिक पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इस दौरान पुलिस टीमों ने लाउडस्पीकरों के लिए निर्धारित मानकों, ध्वनि स्तर (साउंड लिमिट) और वैध अनुमति पत्रों का सत्यापन किया। जिन स्थानों पर अनुमति पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए अथवा ध्वनि मानक निर्धारित सीमा से अधिक पाए गए, वहां संबंधित प्रबंधकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।साथ ही नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एसपी ने बताया की सभी धर्मगुरुओं एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे शासन के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही लाउडस्पीकर का उपयोग करें। जनपद पुलिस की ओर से आगे भी समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।