परतावल। डीआईजी एस चन्नपा ने महिला और साइबर अपराध संबंधी मामलों में पुलिस को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीआईजी शनिवार को श्यामदेउरवा थाने का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव तथा पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया।
डीआईजी के आगमन से पूरे थाना परिसर में सुबह से ही हलचल बनी रही और पुलिसकर्मी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे दिखाई दिए। निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने थाना कार्यालय में रखे विभिन्न अभिलेखों, अपराध रजिस्टर, लंबित विवेचनाओं और शिकायत पंजिकाओं की बारीकी से जांच की।
उन्होंने अभिलेखों के अद्यतन रखरखाव पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी रिकॉर्ड समय से अपडेट किए जाएं, ताकि किसी भी मामले में लापरवाही की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। इसके बाद डीआईजी ने महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।