महराजगंज। नए साल के जश्न के लिए पुलिस ने भी नए अंदाज में सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा है, जिसने भी जश्न में 2 डी (ड्रिंक+ड्राइव) को मिक्स किया तो पुलिस उन पर कार्रवाई करेगी। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर पुलिस का पर्याप्त इंतजाम भी किया है, जो बैरियर लगाकर नशेबाज और हुडदंग करने वालों पर नजर रखेंगे।
नए साल के उल्लास को लेकर पुलिस ने भी अपनी कमर कस ली है। जश्न में कोई खलल न पड़े, सभी नागरिक सड़क से लेकर घर के अंदर तक सुरक्षित रहें और पूरे उल्लास और खुशी के साथ पुराने साल को विदा करते हुए नये साल 2025 का स्वागत करें। इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम की है।
नए साल की पूर्व संध्या से ही पुलिस शहर के अलग-अलग स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग करेगी ताकि कोई भी असामाजिक तत्व जश्न में विघ्न न डाल सके। जनपद पुलिस पहले से ही शराब तस्करों पर अपनी पैनी नजर जमाए हुए है। जहां कहीं भी कार्यक्रम होंगे, सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा प्रथम होगी। ओवरस्पीड और स्टंटबाजी करने वालों पर पुलिस विशेष सख्ती बरतेगी। पुलिस इसके साथ ही पुराने और जेल से जमानत पर चल रहे अपराधियों पर भी विशेष नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी सूरत में कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
व्यवस्था और चाक चौबंद रहे, इसके लिए नये साल की पूर्व संध्या से ही बैरियर लगाकर चेकिंग करने का इंतजाम किया गया है। नये साल के जश्न में हुड़दंग करने वालों की खैर नहीं है।
-सोमेंद्र मीणा, पुलिस अधीक्षक
रूबीना।- फोटो : mathura