महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर गांव में सोमवार की देर रात करीब 10 बजे सिवान में तेंदुआ दिखा। इसे देखकर आसपास के गांव के लोग सहम गए। लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पुलिस व वन विभाग की टीम पहुंच गई।
पिपरा खादर गांव के प्रधान मनोज निषाद ने बताया कि नहर पर टहलने के दौरान सिवान में तेंदुआ दिखा। टॉर्च जलाया गया तो वह गुर्राया। इसकी सूचना सबसे पहले पुलिस को दी गई।थोड़ी देर में गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। पुलिस और वन विभाग की टीम को पहुंचने के बाद तेंदुए की तलाश की गई, लेकिन वह नहीं दिखा। वहीं गांव के लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। गांव के ईश्वर, सैनिक, रवि, जैश ब्रह्मा जायसवाल टोली बनाकर निगरानी कर रहे हैं।
रेंजर परतावल विजय कुमार मौर्य ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई। लोगों को अकेले बाहर नहीं जाने की अपील की गई है। तेंदुए की तलाश की गई, लेकिन आसपास वह नहीं दिखा। उसके पद चिह्न भी नहीं दिख रहे हैं। अनुमान है कि वह कहीं चला गया है, क्योंकि शोरगुल होने पर वहां रुकते नहीं है। सुबह उसकी तलाश की जाएगी। वन विभाग की टीम को क्षेत्र में गश्त कर रही है।