सोनौली। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। देर रात नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम के नेतृत्व में सोनौली थाना अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा, सोनौली चौकी प्रभारी गौरव यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने सीमा क्षेत्र में पैदल गश्त किया। गश्त के दौरान पुलिस ने दस वाहनों का चालान कर जुर्माना भी वसूल किया।
सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि सीमा क्षेत्र, बाजार, मुख्य मार्गों और पगडंडी रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से संवाद बनाया जा रहा है। उनसे यह भी कहा जा रहा है कि यदि सीमा पर उन्हें किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि दिखती है तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। बिना हेलमेट, बिना कागजात और नियमों के विपरीत चल रहे कुल 10 वाहनों का चालान कर 15,500 रुपये जुर्माना के रूप में वसूला गया। पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
तीन ओवर लोड ट्रैक्टर-ट्राॅली सीज
महराजगंज। सिंदुरिया थाना पुलिस ने रविवार को ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत चिउटहा चौराहे से तीन ओवरलोड ईंट लदी ट्रॉली-ट्रैक्टर को सीज कर दिया। थानाध्यक्ष सिंदुरिया राजकुमार सिंह ने बताया ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं और सड़कों को नुकसान पहुंचाने का एक प्रमुख कारण हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।