भिटौली। थाना क्षेत्र के धर्मपुर चौराहे पर सर्राफ की दुकान में रविवार को हुई लूट के आरोपियों की तलाश में छह टीमें लगी हैं। सोमवार को पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली, लेकिन कुछ सफलता नहीं मिली।
थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र के अनुसार, गठित टीम लगातार काम कर रही है। जल्द मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। संदिग्ध व्यक्तियों के घर दबिश दी जा रही है। लुटेरे जिस-जिस रास्ते से गुजरे हैं उन रास्तों पर लगे कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आसपास के जिलों में टीम संदिग्ध स्थानों पर छाप डाल रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया गया है।
स्वर्ण व्यवसायी से मिला व्यापारियों का प्रतिनिधि मंडल : सोमवार को व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी रामरतन एवं उनके बेटे अभिषेक से उनके दुकान पर मिला। इस अवसर पर व्यापार मंडल के नेता पशुपतिनाथ गुप्ता, अनिरुद्ध वर्मा, सिकंदर रौनियार, राजेंद्र स्वर्णकार, दीपचंद जायसवाल मौजूद रहे।