चौक बाज़ार। अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को पूरे क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान टीम ने कच्ची शराब बनाने के लिए रखे लगभग पांच क्विंटल लहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। ऑपरेशन में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम शामिल थी।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्राधिकारी निचलौल बसंत सिंह, एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता तथा आबकारी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में थानाध्यक्ष चौक ओमप्रकाश गुप्ता ने पुलिस बल के साथ ग्राम बलुवाहिया नर्सरी और हथियाहवां नर्सरी में दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने कच्ची शराब बनाने के लिए रखे करीब पांच क्विंटल लहन बरामद किया। बरामद लहन को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अवैध कच्ची शराब के निर्माण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। वहीं सीओ निचलौल बसंत सिंह ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।