महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के निचलौल-सिसवा मार्ग पर चंडी माता मंदिर स्थान के पास रविवार तड़के करीब तीन बजे तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा उखड़कर दूर जा गिरा, जबकि कार करीब 100 मीटर आगे जाकर रुक गई। हादसे के बाद चालक समेत वाहन में सवार तीन-चार लोग कार छोड़कर मौके से भाग गए। घटना से हर्रेहडीह वार्ड की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तड़के सुबह करीब तीन बजे तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सड़क किनारे क्षतिग्रस्त कार और टूटा हुआ बिजली का खंभा पड़ा मिला। थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।