निचलौल। क्षेत्र के सिसवा मार्ग पर रायपुर और लालपुर गांव के बीच शुक्रवार को चाइनीज लहसुन लेकर जा रहा तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया। लोगों ने किसी तरह पिकअप चालक को बाहर निकाला। उसके बाद इलाज के लिए एक निजी हॉस्पिटल पर ले गए। भीड़ से सड़क करीब एक घंटे तक जाम रहा। मौके पर पुलिस और कस्टम विभाग की टीम नहीं पहुंची।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीर लक्ष्मण दुबे, कृष्णा कांत, विनोद कुमार, रमेश भारती आदि ने बताया की निचलौल की ओर से एक पिकअप तेज रफ्तार में सिसवा की ओर जा रही थी। अभी पिकअप निचलौल शहर से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर रायपुर और लालपुर गांव के बीच पहुंची थी। इसी बीच अचानक अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गया। चालक पिकअप में काफी देर तक फंसा रहा। लोगों की मदद से चालक को किसी तरह पिकअप से बाहर निकाला गया। चालक हादसे के बाद बदहवास हालत में था। नाम पता बताने में समर्थ था।
उसे निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं पिकअप की तलाशी ली गई तो पिकअप में तस्करी का चाइनीज लहसुन मिला। इसी बीच कुछ लोग एक वाहन लेकर मौके पर आ पहुंचे। उन लोगों ने तत्काल गड्डे में गिरी पिकअप से चाइनीज लहसुन की बोरियों को वाहन में लोड कर चल दिए। फिर कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढे में गिरी पिकअप को बाहर निकाला गया। इस दौरान घंटों लोगों की भीड़ सड़क पर जुटी रही, जिसके चलते राहगीरों को भी तमाम दुश्वारियां झेलनी पड़ी। सूचना देने के बाद भी पिकअप पर तस्करी की चाइनीज लहसुन लदी होने के चलते महज तीन किलोमीटर की दूरी पर न तो पुलिस पहुंची, और न ही कस्टम के कर्मचारी पहुंचे।
थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस टीम भेजा गया है। वही कस्टम अधीक्षक केएन सिंह ने बताया की उन्हें इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली है।