कोटेदार के खिलाफ ग्रामीण नाराज, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
नौतनवां (महराजगंज)। कोटेदार द्वारा राशन वितरण में अनियमितता बरतने के आरोप में शनिवार सुबह ग्राम सभा खनुआ के दर्जनों ग्रामीणों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान आशा देवी के नेतृत्व में एसडीएम राम सजीवन मौर्य को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। वहीं कोटेदार ने नियमानुसार राशन वितरण होने की बात कही।
ग्रामीणों का आरोप था कि कोटेदार द्वारा कई महीनों से पात्रों में यूनिट के हिसाब से कम राशन वितरित किया जा रहा है। आरोप के मुताबिक फरवरी माह में राशन देने के दौरान राशन कार्ड पर मार्च का महीना भी चढ़ा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द पूरे मामले का संज्ञान लेते हुए कोटा निरस्त नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा। एसडीएम राम सजीवन मौर्य का कहना है कि पत्र का संज्ञान लेते हुए पूर्ति निरीक्षक को कोटेदार की कार्य प्रणाली की जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान राधेश्याम सिंह, ग्रामीण भगवती, अखिलेश, कुसुम, जोहरा, सुनीता, शांति, पुनीता, फूला, नरायन, अकालबुन निशा, निर्मला और जकीरुन निशा आदि मौजूद थे।
पूर्ति निरीक्षक ने ग्राहकों का दर्ज किया बयान
नौतनवां। एसडीएम के आदेश का पालन करते हुए पूर्ति निरीक्षक नौतनवां द्वारा तहसील में ही प्रत्येक ग्राहकों का बयान दर्ज किया गया और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया गया। पूर्ति निरीक्षक राघवेंद्र प्रताप शाही का कहना है कि शिकायत के आधार पर लोगों का बयान दर्ज किया गया है। बयान एवं जांच के बाद मिलने वाले तथ्य के आधार पर कोटेदार के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।