संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला किशोरी का शव
चौक बाजार( महराजगंज)। क्षेत्र के परासखाड़ के परसिया टोले पर शनिवार दोपहर किशोरी का शव संदिग्ध हाल में फंदे से लटका मिला। जानकारी के अनुसार मरियम (16) घर के एक कमरे में सिलाई कर रही थी। घर के बाहर बरामदे में उसकी दादी कुछ जरूरी काम कर रही थीं। सिलाई मशीन की आवाज आना बंद होने के बाद दादी ने कमरे में जाकर देखा तो सन्न रह गई। मरियम छत की कुंडी में दुपट्टा के फंदे में लटकी मिली। आननफानन दुपट्टे को काटकर उसे नीचे उतारा गया। परिजनों का रो रो-कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।