महराजगंज। पनियरा क्षेत्रवासियों को अब एफसीआई से बिजली सप्लाई के बाद होने वाले फाल्ट से जल्द ही निजात मिलने वाली है। ब्लाॅक प्रमुख वेदप्रकाश शुक्ला के प्रयास से बिजली सब स्टेशन पनियरा को सप्लाई के लिए द्वितीय बिंदु आपूर्ति के लिए मुजुरी उपकेंद्र से जोड़ा जाएगा। इसके लिए शासन से तीन करोड़ पंद्रह लाख बयालीस हजार रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
ब्लाॅक प्रमुख ने बताया कि पनियरा में बिजली की आपूर्ति बहुत ही दयनीय हो गई है। उपकेंद्र पनियरा को एफसीआई से डबल सर्किट भटहट होते हुए आपूर्ति मिलती थी जिसकी दूरी 50 किलोमीटर है। इस कारण से फाल्ट होने पर घंटों आपूर्ति बाधित रहती थी। उन्होंने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक वाराणसी, मुख्य अभियंता वितरण गोरखपुर क्षेत्र सहित शासन से मुजरी उपकेंद्र से पनियरा उपकेंद्र को जोड़ने की मांग का पत्र लिखा था। जिस पर शासन ने स्वीकृति देते हुए लागत की रकम जारी कर दी है।
डबल सोर्स होने से एक लाइन फाल्ट होने पर कुछ ही मिनटों में दूसरी लाइन से जोड़ दिया जाएगा। संवाद