बागापार। पकड़ी रेंज के कटहरा वन चौकी क्षेत्र में सोमवार की रात तस्करों द्वारा सागौन का पेड़ काटकर ले जाते समय वनकर्मियों ने दौड़ा लिया। वनकर्मियों को आते देखते ही तस्कर लकड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। तस्करों का पता लगाने में वनकर्मी जुट गए हैं।
पकड़ी रेंज के प्रभारी रेंजर कासिम अली ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि कटहरा वन चौकी के पास तस्कर जंगल में लकड़ी काटकर कहीं ले जाने के फिराक में हैं। सूचना मिलते ही रेंजर अपने सहयोगियों के साथ मुखबिर द्वारा बताए हुए जगह पर घेराबंदी कर दिया और जगह - जगह गश्त करने लगे। तस्करों ने सागौन का हरा पेड़ काटकर बोटा बना जंगल से बाहर कटहरा के लमुहा रोड पर इकठ्ठा कर वाहन का इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान उन्हें वनकर्मी आते हुए दिखे। तस्कर लकड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। वन कर्मियों ने मौके पर नौ बोटा सागौन की लकड़ी बरामद कर कटहरा वन चौकी पर उठा लाए और आरोपियों की तलाश में जुट गए। पकड़ी रेंज के प्रभारी रेंजर कासिम अली ने बताया कि लकड़ी को बरामद कर लिया गया है। तस्करों की तलाश की जा रही है।