जिले में रामग्राम, दर्जिनिया ताल, देवदह, बोकडा देवी मंदिर, सोनाडी देवी मंदिर, गंडक टेलफाल समेत अन्य स्थान गुलजार रहे
बॉर्डर पर भी सुरक्षाकर्मी करते रहे निगरानी, गुब्बारों से सजी गाड़ियां सड़क पर दौड़ती रहीं
महराजगंज। नए साल में पहले दिन बृहस्पतिवार को लोगों ने दिन की शुरुआत पूजापाठ से की। इसके बाद पर्यटन स्थलों की ओर से रवाना हुए। गुब्बारों से सजी गाड़ियां सड़क पर दौड़ती रहीं। हर तरफ खुशियों का माहौल रहा। जश्न मनाने के लिए एक दिन पहले ही कुछ लोग नेपाल के लिए रवाना हो गए थे। महराजगंज में दर्जिनिया ताल पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बार्डर पर सुरक्षाकर्मी भी निगरानी में जुटे रहे।
जानकारी के अनुसार, जिले में रामग्राम, दर्जिनिया ताल, देवदह, बोकडा देवी मंदिर, सोनाडी देवी मंदिर, गंडक टेलफाल समेत अन्य स्थान गुलजार रहे। हर कोई साल के पहले दिन को यादगार बनाने में जुटा रहा। कोई पार्टी करते नजर आया तो कोई सेल्फी और वीडियो बनाने में व्यस्त नजर आया। पर्यटकों को लुभाने के लिए होटल और मॉल भी तैयार दिखे।
शहर में गोरखपुर रोड पर कार से दोस्तों के साथ जा रहे पीयूष गुप्ता ने बताया कि साल के पहले दिन प्रसन्न रहना है। आज कोई काम नहीं करना है। वाल्मिकी नगर बिहार जा रहा हूं। यहां से अन्य स्थानों पर दिन भर भ्रमण किया जाएगा। निचलौल रोड पर नरेंद्र वर्मा मिले। गाड़ी पर गुब्बारा सजा हुआ था। वह परिवार के सदस्यों के साथ कुडिया मां दुर्गा का दर्शन करने जा रहे थे। पकड़ी जंगल लोगाें की भीड़ लगी रही। मां बोकड़ा देवी की पूजा करने लोगों को तांता लगा रहा।
उधर, भारत नेपाल बार्डर से सटे दर्जिनिया ताल और टेल फॉल पर पर्यटकों की काफी भीड़ देखने को मिली। युवा, महिला, बुजुर्ग से लेकर हर वर्ग के लोग नए साल के स्वागत में जुटे रहे। दर्जिनिया ताल पर पर्यटक प्रकाश, सुनील, बहादूर, बंशी ने बताया कि वह लोग नए साल का जश्न मनाने के लिए सुबह से ही घर से निकले हैं। सबसे पहले वह बोकड़ा देवी मंदिर पहुंच दर्शन कर आशीर्वाद लिया। महावीर, पुष्पेंद्र वर्मा ने बताया कि नेपाल बॉर्डर से सटे टेल फॉल और दर्जिनिया ताल पर दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाया गया। इतना ही नहीं टेल फॉल पर नारायणी नदी के बीच पर्यटकों नाव का भी लुत्फ उठाया।
झूला पुल पर सेल्फी लेने की लगी रही होड़
नेपाल के नारायणी नदी पर बने झूला पुल पर नए साल का जश्न मनाने वालों की भीड़ दिखी। नए साल की खुशी के माहौल में लोग परिवार और मित्रों के साथ पिकनिक का आनंद लेते हुए दिखाई दिए। युवक और युवतियों में झूला पुल पर सेल्फी लेने की होड़ लगी रही। झूला पुल पर जश्न मनाने वालों का यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। यहां सिविल लाइन के वीरेंद्र, चौमुखा के प्रमेंद्र तिवारी ने बताया कि झुला पुल पर पहली बार आया हूं। यहां आकर अच्छा लगा है। हल्की धूप के बीच झुला पुल पर दोस्तों के वक्त बिताकर नए साल को यादगार बनाने का प्रयास किया गया।
पोखरा और काठमांडो के होटल भारतीय पर्यटकों से भरे
सोनौली। नए साल को लेकर भारी संख्या में भारतीय पर्यटक नेपाल पहुंचे हैं। नेपाल के भैरहवा, पोखरा और काठमांडो के होटल भरे हुए है। नए साल 2026 के स्वागत के लिए भारत के गोरखपुर, लखनऊ, दिल्ली, जयपुर, गुजरात, बनारस सहित भारत के कई इलाकों से भारतीय पर्यटक होटलों में रुके हुए हैं।
नेपाल होटल एंड टूरिज्म फेडरेशन श्रीचंद गुप्ता ने कहा कि टूरिज्म इंडस्ट्री काफी उत्साहित है। पिछले पांच सालों में नववर्ष के मौके पर भारतीय टूरिस्ट के लिए एक पॉपुलर जगह बन गया है। इससे यहां की पहाड़ी जगहों को प्रमोट करने में मदद मिली है। भारतीय टूरिस्ट नए साल के मौके पर त्योहार मनाते हैं और धार्मिक और खास महत्व वाली जगहों को प्रमोट करने में मदद मिली है। नववर्ष की पूर्व संध्या पर पोखरा के लेकसाइड में 27वें स्ट्रीट फेस्टिवल का आयोजन किया गया था। होटल एसोसिएशन के सीपी श्रेष्ठ ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह से टूरिस्ट की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। खासकर पोखरा जनकपुर और पशुपतिनाथ मंदिर के कारण भारतीय पर्यटक ज्यादा नेपाल आए हैं। संवाद
नए साल पर जनकपुरधाम और पशुपतिनाथ में भक्तों की भारी भीड़
सोनौली। नए साल के पहले दिन वृहस्पतिवार को जनकपुरधाम के अलग-अलग मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। जनकपुरधाम में जानकी मंदिर, राम मंदिर, विवाह मंडप, मणि मंडप समेत कई मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। साथ ही हजारों की संख्या में पर्यटक पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचे हैं। भारत के उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान के साथ यूपी के अलग-अलग शहरों से भी भक्त पशुपतिनाथ और जनकपुरधाम आए हैं। भीड़ बढ़ने की वजह से जनकपुरधाम में भारतीय गाड़ियों को 12 बीघा एरिया में मैनेज किया गया है। धनुषा के डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिस के सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस रुगम कुंवर ने बताया कि सिक्योरिटी मैनेजमेंट के लिए स्पेशल पुलिस तैनात की गई है। संवाद