लक्ष्मीपुर। लक्ष्मीपुर विकासखंड क्षेत्र के मोहनापुर-समरधीरा मार्ग पर बने गहरे गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। बसंतपुर गांव के पास सड़क के बीचों-बीच आधा दर्जन से अधिक बड़े गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और अन्य वाहन गुजरते हैं। सड़क की जर्जर हालत के चलते वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। इससे सामने से आने वाले वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। रात और बारिश के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
स्थानीय निवासी दीपक चौधरी, सुजीत कुमार, शनि चौधरी, दीपू चौधरी, एके सिंह, उमा चौधरी, श्रवण, शेषमन यादव, गिरजेश यादव और अमित त्रिपाठी ने बताया कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है। कई बार जिम्मेदार विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों ने जल्द सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है।
कई बार की गई मरम्मत की मांग
जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद्र सहानी ने बताया कि मार्ग की मरम्मत कराने के लिए कई बार विभाग को पत्र लिखा जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
बोले अधिकारी
मौके पर जाकर सड़क की जांच की जाएगी। मोहनापुर-समरधीरा मार्ग को जल्द ही ठीक कराया जाएगा।
- आलोक रंजन, अवर अभियंता, पीडब्ल्यूडी