महराजगंज। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रम्हौली पकड़ी में लोगों को बेहतर सुविधा नहीं मिल पा रही है। क्योंकि यहां न तो डॉक्टर समय से आते हैं नहीं स्टाफ का ही पता रहता है। इससे लोगों को 10 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल जाकर इलाज करना पड़ता है।
विजय (पिपरा रसूलपुर) ने बताया कि पीएचसी पर डॉक्टर नियमित रूप से मौजूद नहीं रहते हैं। कई बार मरीज केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन वहां कोई चिकित्सक नहीं मिलता। वहीं, गायत्री देवी का कहना है कि ओपीडी में कभी फार्मासिस्ट बैठते हैं तो कभी लैब टेक्नीशियन।
वर्तमान में इस पीएचसी पर डॉ. मदनलाल चौरसिया तैनात हैं। साथ ही फार्मासिस्ट अरुण त्रिपाठी, लैब टेक्नीशियन श्रुति, स्टाफ नर्स अदिति पटेल (जो वर्तमान में छुट्टी पर हैं) और स्पोटिंग स्टाफ में राहुल समेत दो कर्मचारी तैनात हैं। केंद्र में 14 प्रकार की पैथोलॉजिकल जांच की सुविधा उपलब्ध है, साथ ही 24 घंटे डिलीवरी की भी समुचित व्यवस्था है। दिन के समय ओपीडी का संचालन भी होता है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने बताया कि पीएचसी रम्हौली पकड़ी में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यहां 14 प्रकार की जांच सुविधा, 24 घंटे डिलीवरी और नियमित ओपीडी सेवा उपलब्ध है।