महराजगंज। 12 अक्टूबर को दो पालियों में लोक सेवा आयोग की परीक्षा के लिए जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर 6,114 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रश्न पत्र की सुरक्षा को लेकर बहुत ही सख्त इंतजाम किए गए हैं। प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों के डबल लॉक व एआई फीचर से लैस कैमरे की नजर में सुरक्षित रहेंगे। लॉक किए जाने के बाद परीक्षा के दिन केंद्र व्यवस्थापक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में प्रश्न पत्र खोले जाएंगे।
एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के प्रभावी होने से परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के प्रबंध मजबूत हुए हैं। पहली बार यूपी बोर्ड 2025 की परीक्षा में एआई तकनीक का प्रभाव देखा गया। इसके बाद लगभग प्रत्येक परीक्षा में एआई तकनीक का इस्तेमाल निगरानी दायरा मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। लोक सेवा आयोग की सम्मानित राज्य/प्रवर अधीनस्थ व क्षेत्रीय वन अधिकारी की प्रारंभिक परीक्षा की गुणवत्ता तय करने में भी प्रशासन इसकी मदद लेगा। परीक्षा के शिक्षा नोडल डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा के मुताबिक प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के खास इंतजाम आयोग के निर्देशन में किए गए हैं। आयोग की तरफ से प्रश्न पत्र कुल 28 सीलबंद लिफाफे में प्राप्त होंगे जिन्हें तय परीक्षा केंद्रों के डबल लॉक में पुलिस व प्रशासन की देखरेख में सुरक्षित रखा जाएगा। इस डबल लॉक की निगरानी के लिए एआई इनबिल्ट कैमरा सक्रिय रहेगा। प्रश्न पत्र लॉक किए जाने के बाद सिर्फ परीक्षा के दिन ही केंद्र व्यवस्थापक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में खोले जाएंगे। परीक्षार्थियों को रिपोर्टिंग टाइम पर कक्षाओं में प्रवेश बायोमेट्रिक व आईरिस स्कैनिंग के बाद दी जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर पुरुष अभ्यर्थी गैर मंडल और महिला अभ्यर्थी गैर जनपद की होंगी।
तगड़ी रहेगी सुरक्षा
पीसीएस प्री परीक्षा में जनपद के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर तगड़े सुरक्षा प्रबंध रहेंगे। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा के मुताबिक प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक-एक एसआई व 4-4 महिला पुरुष कांस्टेबल मुस्तैद रहेंगे। परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में आने वाली दुकानें बंद रखी जाएंगी। पीआरवी का एक वाहन परीक्षा केंद्र के इर्द-गिर्द भ्रमणशील रहेगा। परीक्षा के दिन रूट डायवर्सन का प्रभावी प्लान तैयार कराकर अनुपालन के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने बैठक कर बांटी जिम्मेदारियां
सोमवार दोपहर एक बजे पीसीएस प्री की तैयारियों को लेकर डीएम संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। डीएम ने डीआईओएस को सभी इंतजाम जांचने के निर्देश दिए। परीक्षा के लिए शिक्षा नोडल डीआईओएस व प्रशासनिक नोडल एडीएम डॉ. प्रशांत कुमार को बनाया गया। डीएम ने एआरएम को परीक्षा के दौरान परिवहन की सुचारू व्यवस्था के लिए निर्देश दिया। साथ ही नगर निकाय को कर्मी लगाकर बस स्टैंड पर परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक जाने के लिए गाइड कराने का निर्देश समस्त ईओ को दिया। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, 14 स्टेटिक मजिस्ट्रेट,14 केंद्र व्यवस्थापक, 28 सह केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक मौजूद रहे।