विकसित हुआ पोर्टल, अब पंचायत भवन से ही होगा भुगतान
महराजगंज। पंचायती राज विभाग ने बेहतर व पारदर्शी ढंग से ग्राम पंचायतों को भुगतान किए जाने के उद्देश्य से पोर्टल विकसित किया है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत महराजगंज एवं आगरा मंडल के सभी जिलों में इसे लागू किया गया है। ऐसे में अब पंचायत से जुड़े सभी भुगतान विकसित पोर्टल के माध्यम से संबंधित पंचायत भवन से ही हो सकेंगे। जिले में 882 ग्राम पंचायतों में से 750 में पंचायत भवन नेटवर्क के साथ क्रियाशील है। ऐसे में जिम्मेदारों की ओर से अब सभी प्रकार के भुगतान को विकसित पोर्टल के माध्यम से ही किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। यह भी कहा गया है कि जहां पर नेटवर्क क्रियाशील नहीं है उसे शीघ्र कियाशील कराया जाए। ऐसा किए जाने से जहां भुगतान के दृष्टिगत गोपनीयता बनी रहेगी, वहीं खातों के दुरुपयोग आदि की संभावना भी कम होगी। बेहतर ढंग से भुगतान करने के लिए अब पंचायत भवन व ग्राम के जिम्मेदारों को वीडीएसएआई डाट काम सचिवालय अंडर स्कोर गेट वे ( http//vdsai.com/sachivalay-gateway) का प्रयोग करना होगा। इसके माध्यम से आमजन को जहां सुविधाजनक तरीके से भुगतान होगा, वहीं किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से भी बचा जा सकेगा।
------------------------------------
पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह व्यवस्था जिले के साथ-साथ आगरा मंडल के सभी जिलों को दी गई है। जिम्मेदार निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें।
विशाल कुमार, अपर जिला कार्यक्रम प्रबंधक