आरोग्य मेले में 371 मरीज खुजली और 286 बुखार से पीड़ित मिले
फरेंदा के तीन स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के मरीज अधिक
महराजगंज। जिले के 41 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1680 मरीजों की जांच और उपचार किया गया। इनमें 784 महिलाएं, 698 पुरुष और 198 बच्चे शामिल रहे। आरोग्य मेले में वायरल बुखार और खुजली के मरीजों की संख्या अधिक रही।
आरोग्य मेले में रविवार को खासी भीड़ दिखाई दी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी और खुजली की शिकायत लेकर सुबह से ही मरीज पहुंचने लगे। आरोग्य मेले में कुल पहुंचे 1680 मरीजों में से 371 मरीज खुजली और 286 मरीज बुखार से पीड़ित मिले। सीएमओ डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी ने हरपुर महंत में आयोजित मेले का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मातहतों को व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए।
तीन केंद्रों पर बुखार के मरीज अधिक
फरेंदा क्षेत्र के तीन स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को हुई पड़ताल में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या अधिक दिखाई दी। न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लोक विद्या पीठ नगर में दोपहर 12 बजे डॉक्टर प्रकाश कुमार और फार्मासिस्ट अरुण चतुर्वेदी मरीजों का उपचार करते मिले। यहां कुल 45 मरीज पहुंचे। लालजी (62) करीब एक सप्ताह से तेज बुखार की शिकायत लेकर पहुंचे थे। वहीं अनीता (35) शरीर में दर्द और अनीषा (41) तेज बुखार के साथ सिरदर्द से परेशान थीं। चिकित्सकों ने जांच के बाद मरीजों को दवाएं दीं।
न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेजार महदेवा में दोपहर 12:40 बजे डॉक्टर दुर्विजय और फार्मासिस्ट महेंद्र सिंह मरीजों का उपचार करते मिले। यहां 47 मरीज पहुंचे। इनमें खांसी और बुखार की शिकायत वाले मरीज अधिक रहे। आठ वर्षीय अनमोल तेज बुखार से पीड़ित था। दिवाकर आंख में दर्द और चार वर्षीय पल्लवी बुखार की शिकायत लेकर पहुंची।
महादेवा दुबे में बच्चों में वायरल फीवर के लक्षण
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महादेवा दुबे में दोपहर 1:20 बजे डॉक्टर सीबी पांडेय और फार्मासिस्ट दिनेश चौधरी मरीजों का उपचार करते मिले। यहां 33 मरीज पहुंचे। डॉक्टर के अनुसार सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक रही। छह वर्षीय मुस्कान, पांच वर्षीय देवर्षि, चार वर्षीय आयुष और छह वर्षीय प्रीति वायरल फीवर से पीड़ित मिले। वहीं अजय खुजली और अनामिका पेट दर्द की शिकायत लेकर पहुंचीं। राजेंद्र और सुधीर शुगर की दवा लेने पहुंचे थे।
वर्जन
जिले के 41 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 1680 मरीजों की जांच व उपचार हुआ। मेले में मरीजों की जांच के साथ उन्हें आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
- डॉ. केपी सिंह, नोडल अधिकारी, मुख्यमंत्री आरोग्य मेला