महराजगंज। जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। कड़ाके की ठंड के बीच आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचे। सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों व जोड़ों का दर्द, खुजली, दाद, मधुमेह (शुगर), कोल्ड डायरिया जैसी बीमारियों से पीड़ित लोगों ने मेले में पहुंचकर चिकित्सकों से परामर्श लिया।
सुबह करीब 11:12 बजे पीएचसी गांगी बाजार में अधीक्षक डॉ. अधिदेव कश्यप मरीजों का इलाज करते नजर आए। इस दौरान शांति देवी ने बताया कि उन्हें पिछले एक सप्ताह से मांसपेशियों और जोड़ों में तेज दर्द हो रहा था। दर्द बढ़ने पर वे आरोग्य मेले में इलाज के लिए आईं, जहां डॉक्टर ने उन्हें दवाएं दीं और ठंड से बचाव करने की सलाह दी। वहीं बबलू ने बताया कि ठंड लगने के कारण उन्हें सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत हो गई थी।
दोपहर 12 बजे पीएचसी खुशहाल नगर में डॉ. राकेश मोहन शर्मा मरीजों का उपचार करते मिले। यहां शकुंतला ने बताया कि उन्हें काफी समय से खुजली और दाद की समस्या थी। कई तरह की क्रीम लगाने के बाद भी आराम नहीं मिला, जिसके बाद वे आरोग्य मेले में इलाज के लिए पहुंचीं। डॉक्टर ने जांच के बाद एंटीबायोटिक दवाएं और क्रीम दीं और सलाह दी कि यदि आराम न मिले तो जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। वहीं आनंद ने बताया कि वे मधुमेह से पीड़ित हैं। ठंड शुरू होने के बाद से उनका शुगर लेवल बार-बार घट-बढ़ रहा था। आरोग्य मेले में डॉक्टर ने उन्हें सुबह-शाम टहलने, खान-पान पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई।