महराजगंज। मौसम का उतार चढ़ाव बुखार के साथ-साथ तेज खांसी की स्थिति पैदा कर रहा है। एक सप्ताह के बाद भी खांसी न सही होने से लोगों को टीबी का डर सता रहा है। वह बलगम की जांच भी करा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे 747 मरीजों में 23 खांसी के रहे जिन्हें जांच के बाद दवा उपलब्ध कराई गई। वायरल बुखार के मरीजों का पीछा बुखार छोड़ रहा तो सूखी खांसी का प्रकोप बढ़ जा रहा है। खांसी के कारण गले का दर्द और कुछ निगलने में दिक्कत हो रही है। डाॅ. मनीष कुमार ने बताया कि तापमान और खानपान की लापरवाही के कारण बुखार समाप्त होने पर लोगों को खांसी की समस्या उत्पन्न हो रही है।
ठंडी चीजों से परहेज करें। रात में सोते समय अभी पंखा न चलाएं। वायरल होने पर घर पर रहकर आराम करें। बाहर निकलें तो मास्क का प्रयोग करें। भीड़-भाड़ वाली जगह व धुएं से दूर रहें। स्वच्छता अपनाएं। संक्रमण होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। सीएम डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि जिन लोगों को बुखार हो रहा है, उनका बुखार ठीक होने के बाद गले में संक्रमण की समस्या हो रही है। इससे काफी दिनों तक खांसी और गले में खराश रहती है। ऐसे में बचाव काफी जरूरी है।