महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के बरवा फहीम गांव में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के लोगों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरवा फहीम निवासी रामनरेश ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के ही उनके पटीदार गणेश, प्रदीप और प्रभावती से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि 17 मई की रात करीब 10 बजे उक्त लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। रामनरेश के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। शोर सुनकर उनकी पत्नी पार्वती और उनकी पड़ोसी गीरिजा बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना में तीनों लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सदर कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी गणेश, प्रदीप, प्रभावती निवासी बरवा फहीम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।