12 साल तक के बच्चों के माता-पिता को पहले लगेगा टीका
महाराजगंज। कोरोना से युवाओं को सुरक्षित करने के लिए जिले में एक जून से 18 से 44 वर्ष तक युवाओं का टीका लगेगा। शासन से निर्देश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। शुरुआती दौर में टीकाकरण के लिए जगह चिह्नित करने की कवायद चल रही। टीकाकरण के लिए युवाओं को पंजीकरण भी कराना होगा। 12 साल तक के बच्चों के अभिभावकों को वरीयता मिलेगी।
कोरोना की दूसरी लहर से पहले बुजुर्गों एवं 45 साल से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण शुरू हुआ। इस दौरान आई कोरोना की दूसरी लहर ने तबाही मचा दी। बच्चों से लेकर बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में संक्रमित हुए। कोरोना का तांडव देखने के बाद सरकार ने 18 से 44 वर्ष तक के लोगों का टीकाकरण एक मई से शुरू करने की घोषणा की, लेकिन जिले में शुरुआत नहीं हो सकी। अब एक जून से युवाओं को टीका लगेगा। बच्चों के लिए खतरनाक बताई जा रही तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए शासन ने 12 साल तक के बच्चों के माता-पिता को टीकाकरण में प्राथमिकता दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभिभावकों से ही बच्चों में संक्रमण फैलता है। क्योंकि स्कूल बंद होने से बच्चे घर पर हैं। माता-पिता किसी न किसी कारण घर से बाहर निकलते रहते हैं। इसलिए 12 वर्ष उम्र के बच्चों के माता-पिता को वैक्सीन लगाने में प्राथमिकता दी जाएगी। डिप्टी सीएमओ डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि कोरोना नियंत्रण के लिए टीकाकरण किया जा रहा है एक जून से 18 से 44 वर्ष तक के युवाओं को टीका लगाया जाएगा।
‘प्रतिदिन पांच हजार लोगों की हो कोरोना जांच’
महराजगंज। डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में कोविड-19 नियत्रंण एवं टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए जिम्मेदारों के साथ बैठक की। सीएमओ को निर्देश दिए कि प्रतिदिन काम से कम 5000 एंटीजन व आरटीपीसीआर की जांच होनी चाहिए। टीकाकरण के लिए एक जून से ग्रमीण व नगरीय क्षेत्रों में ब्लाकॅवार पांच-पांच गांव को चिह्नित कर प्रतिदिन 1200 व्यक्तियों की तीन फेस में बांटते हुए वैक्सीनेशन किया जाएगा। इसमें सामान्य जन, न्याय, शिक्षा, पत्रकारिता व बैंक क्षेत्र के लोगों को शामिल किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक प्रदीप गुप्ता ने कहा कि वैक्सीनेशन व टेस्टिंग वाले स्थान पर फोर्स तैनात रहेगी। इस दौरान सीडभ्ओ गौरव सिंह सोगरवाल, सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव, अपर उपजिलाधिकारी अविनाश कुमार, डॉ. आईए अन्सारी व जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, बेसिक शिक्षाधिकारी ओमप्रकाश यादव,ड ीपीआरओ केबी वर्मा आदि मौजूद रहे।