महराजगंज। शुक्रवार को पुलिस लाइन में परेड का रिहर्सल किया गया। गणतंत्र दिवस की 76वीं वर्षगांठ जैसे-जैसे करीब आती जा रही है, वैसे-वैसे पूरे जनपद पर देशभक्ति के रंग छाते जा रहे हैं।
चौराहों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम से बज रही देशभक्ति की धुनें इस राष्ट्रीय पर्व के जश्न को और अधिक भव्य बना रही है। इस महत्वपूर्ण अवसर के आयोजन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सीमा से लेकर जनपद के अंदरूनी इलाकों तक के थाना प्रभारियों को खास सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि जनपद के समस्त थानों की ओर से अमर शहीद स्मारकों पर राष्ट्रध्वज का ध्वजारोहण कर झंडा गीत और राष्ट्रीय गीतों का वादन कराने का निर्देश दिया गया है। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में परेड का भव्य रिहर्सल किया गया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर परेड की तैयारियों का जायजा लिया और परेड को बेहतर एवं आकर्षक बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रिहर्सल में शामिल पुलिसकर्मियों ने परेड की हर गतिविधि को अनुशासन और सटीकता के साथ प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर सभी सार्वजनिक स्थलों, होटलों और रेस्टोरेंट्स पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया है। संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए थाना प्रभारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया है। सभी थाना क्षेत्रों में गहन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सभी थानों और चौकियों को सजाया जा रहा है।