सिसवा बाजार। मीराबाई नगर वार्ड में स्थित ऋषिकुल संस्कृत महाविद्यालय में लंबे समय से बंद पड़े ताले को शुक्रवार को जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश खुलवाया गया। कार्यालय में रखे दस्तावेजों को सूचीबद्ध कर जिला कार्यालय को भेजा गया।
ऋषिकुल महाविद्यालय में जून 2017 में तत्कालीन शिक्षक अंबिका प्रसाद पांडेय सेवानिवृत्त हुए थे। तब से यह महाविद्यालय शिक्षक विहीन था। जनवरी 2025 में तीन नए शिक्षकों-मिथिलेश कुमार शुक्ला, वंदना तिवारी और राम दयाल पांडेय की नियुक्ति की गई है, जबकि इस महाविद्यालय के गेट और कमरे पर कुछ लोगों की ओर से ताला लगाए जाने के कारण शिक्षण कार्य बाधित हो रहा था।
इस मामले जानकारी शिक्षकों की ओर से जिला प्रशासन को भेजी गई थी, जिसके आधार पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देश पर गठित सुभाष चंद्र, विनोद कुमार त्रिपाठी, अरुण मिश्र और यज्ञेश नारायण मिश्र की टीम शुक्रवार को स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय के गेट और कमरे का ताला खुलवाया। टीम ने कमरे में रखे दस्तावेजों को सूचीबद्ध कर जिला विद्यालय निरीक्षक को भेज दिया।
ताला खुलवाने के बाद शिक्षक राम दयाल पांडेय को कार्यवाहक प्राचार्य का पदभार सौंपा गया। टीम के सदस्य सुभाष चंद्र ने बताया कि विद्यालय के कामकाज को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए यह कदम उठाया गया। ताला खुलवाने की इस प्रक्रिया के दौरान नरेंद्र द्विवेदी, उपनिरीक्षक राहुल कुमार, कांस्टेबल चंदन और राम अधार पांडेय भी मौजूद रहे।