महराजगंज। सावन के पहले सोमवार को लगभग पूरे दिन बारिश का दौर रुक-रुक कर चलता रहा। अधिकतम तापमान 29 तो न्यूनतम 27 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
अगस्त के महीने में सावन के पहले सोमवार को मानसूनी बारिश के ग्राफ में इजाफा दर्ज किया गया, हालांकि रविवार सुबह 08:30 से सोमवार 08:30 बजे के बीच जनपद में औसत बारिश सिर्फ 3.3 एमएम ही रिकॉर्ड हुई लेकिन सोमवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बाद पूरे दिन में कुल चार बार एक-एक घंटे के लगभग बारिश हुई। अच्छी बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे हैं वहीं नगरीय हिस्से जलभराव की चपेट में पहुंचने लगे हैं। मुख्यालय के सिविल लाइन व अन्य वार्ड में बारिश का पानी निकालने के लिए नगर पालिका परिषद के कर्मी सक्रिय दिखे। नगर पालिका की तरफ से महराजगंज फरेंदा हाइवे का सर्विस रोड भी बारिश के बीच साफ करते हुए देखे गए। सर्विस रोड की सफाई से नालों में बारिश का पानी निकल जाने से जलभराव से मुक्ति मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन तक बारिश की संभावना बनी हुई है।