महराजगंज। पुलिस लाइन महराजगंज में मंगलवार से जेटीसी/आरटीसी-2025 प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत हो गई। पहले दिन आरआई मनोज कुमार ने प्रशिक्षुओं का स्वागत किया। प्रशिक्षण के लिए जिले में कुल 603 अभ्यर्थी नामित किए गए हैं, जिनमें से 452 अभ्यर्थी पहले दिन उपस्थित रहे। इनमें 341 पुरुष और 111 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
इन अभ्यर्थियों का चयन उत्तर प्रदेश के पांच जनपदों अंबेडकर नगर, बलिया, आजमगढ़, सुल्तानपुर और अयोध्या से किया गया है। प्रशिक्षण मंगलवार से विधिवत शुरू कर दिया गया है। प्रशिक्षण शुरू होने से पूर्व डीआईजी पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय गोरखपुर रोहन पी. कनय ने बीते बुधवार को पुलिस लाइन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। उन्होंने बैरक, शौचालय, स्नानागार, लाइब्रेरी, क्लासरूम और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की थी।
डीआईजी ने साफ-सफाई, विद्युत, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे, जिससे प्रशिक्षण में किसी तरह की बाधा न आए। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि जिले में 641 प्रशिक्षुओं के लिए आवासीय व्यवस्था की गई है।