महराजगंज। कृषि विभाग किसानों को जैविक खेती से जोड़ने के लिए अभियान चलाएगा। जैविक फसल से होने वाले फायदे को बताकर किसानों को बिना रासायनिक उर्वरक के लिए जागरूक कर प्राकृतिक खेती से जोड़ेगा। शुरुआती दौर में सब्जियों की खेती से प्रयोग की रणनीति तय की गई है। इसके लिए बजट में भी प्रावधान होने से विभाग का उत्साह बढ़ा है।
उप कृषि निदेशक वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मौजूदा समय में जैविक विधि से उगाई गई फसल की डिमांड है। इसके लिए लोग अधिक रुपये भी देने के लिए तैयार हैं। इसे देखते हुए जिले के किसानों को जैविक खेती का महत्व बताकर शुरू में सब्जियों की खेती के लिए तैयार किया जाएगा, जिससे किसान नकदी फसल के रूप में सब्जियों की खेती से अतिरिक्त कमाई कर सकें। एक बार प्राकृतिक खेती से किसान जुड़ गए तो इसका लाभ देखकर इसे छोड़ नहीं पाएंगे। पड़ोसी जनपद में कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से भी किसान लाभांवित होंगे। यहां से प्रशिक्षण इत्यादि का लाभ किसानों को होगा। संवाद