औरेंज जोन की श्रेणी में जिला, सख्ती बरकरार
महराजगंज। जिले में कोरोना संक्रमित छह मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने के उपरांत जनपद अब औरेंज जोन में आ चुका है। इस श्रेणी में आने के उपरांत शासन के निर्देश के क्रम में कुछ ढील दी गई है, मगर अभी भी पूरी तरह सख्ती बरती जा रही है। प्रशासन ने स्थानीय स्तर पर जो व्यवस्था निर्धारित की है, उसका पूर्णत: अनुपालन भी सुनिश्चित कराया जा रहा है।
दिल्ली के तब्लीगी जमात से लौटे पुरंदरपुर क्षेत्र के ग्राम विशनुपुर कुर्थिया व विशुनपुर फुलवरिया तथा कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम बड़हरा इंद्रदत्त व कम्हरिया खुर्द में रहने वाले छह लोगों की पहली रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिले में लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन कराया गया। जिला प्रशासन ने तीन अप्रैल की देर रात सभी चार गांवों को सील करते हुए संक्रमितों को सीएचसी मिठौरा में बने कोविड अस्पताल में भर्ती करा बचाव का प्रबंध शुरू कर दिया था। सभी की निगेटिव रिपोर्ट आने के बाद जिला औरेंज जोन में आ चुका है। जिले में अब एक भी पॉजिटिव केस नहीं हैं फिर भी बचाव के लिए प्रशासन व पुलिस ने अपनी सख्ती को बरकरार रखा है। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने बताया कि हॉटस्पॉट गांव अभी भी सील हैं, जबकि जिले के अन्य क्षेत्रों में जिम्मेदार सतर्क दृष्टि बनाए हुए हैं।
लॉकडाउन में ये छूट मिली है
लॉकडाउन अवधि में हॉटस्पॉट गांवों में पूर्व की तरह सक्रियता बरती जाएगी। जिला प्रशासन ने जिले के अन्य क्षेत्रों में छूट की अवधि दो घंटे बढ़ाते हुए सुबह छह से 12 बजे तक कर दिया है। इस दौरान मेडिकल, किराना, दूध, फल, सब्जी, पेट्रोल पंप, एलपीजी गैस, कृषि उत्पाद, खाद्य सामग्री, पेयजल, डाटा सेंटर, आईटी से संबंधित सेवाएं, एटीएम, बैंक, ई-कॉमर्स, अंडा, मीट, बीमा कंपनी, नेटवर्क सर्विस, टेलीफोन, पशु चिकित्सा एवं आहार के प्रतिष्ठानों को खोलने की छूट प्रदान की गई है। सीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाएं भी बहाल रहेंगी।
इन क्षेत्रों में नहीं मिली छूट
जिले में संचालित होने वाली ट्रेन सुविधा, रोडवेज व पब्लिक ट्रांसपोर्ट, शिक्षण संस्थाओं, टैक्सी व ऑटो रिक्शा, शापिंग कांप्लेक्स, जिम, स्पोर्ट्स, धार्मिक स्थल पूर्णत: बंद रहेंगे। सामाजिक, राजनैतिक, खेल, मनोरंजन, शैक्षणिक, संस्कृति, धार्मिक कार्यक्रम व अन्य समारोह नहीं होंगे।