ठूठीबारी। धरमौली में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू हो गईं हैं। अब यहां के लोगों को इलाज के लिए 13 किमी दूरी तय कर निचलौल नहीं जाना पड़ेगा। शुक्रवार की दोपहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरमौली में ग्राम प्रधान अजय कुमार ने अस्पताल गेट पर नारियल तोड़कर उद्घाटन किया। डाॅ. नीरज सिंह ने दो मरीजों की जांच कर दवा वितरण कर ओपीडी शुरू कर दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरमौली के डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी की शुरुआत हो गई है। अब क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए निचलौल सीएचसी नहीं जाना पड़ेगा। इस दौरान ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नीरज राय, अभय शंकर सिंह, गुड्डू यादव, अवधेश, इंदर प्रसाद यादव आदि मौजूद रहे। भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्राम सभा ठूठीबारी के टोला धरमौली में क्षेत्रीय लोगों के बेहतर इलाज के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2018-19 में यूपी के मुख्यमंत्री ने आठ फरवरी 2019 को 4.62 करोड़ की लागत से 30 शैय्या सीएचसी का ऑनलाइन शिलान्यास किया था।
अस्पताल में इन लोगों की हुई तैनाती
धरमौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. नीरज सिंह, दो फार्मासिस्ट सतीशंकर वर्मा, राजेश जायसवाल, नर्स गीता गुप्ता, एक स्वीपर, दो चौकीदार गंधर्व यादव, निजामुद्दीन की तैनाती हुई है।