महराजगंज। मौसम परिवर्तन के कारण संक्रामक रोगियों में की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। सोमवार जिला अस्पताल की ओपीडी फुल रही। चिकित्सकों से परामर्श लेने में ही मरीज व तीमारदारों के पसीने छूट गए। दवा लेने के लिए भी उन्हें भीड़ की अधिकता के कारण इंतजार करना पड़ा।
अगस्त के शुरुआती पखवाड़े में जहां मानसून की मेहरबानी से मौसम नर्म रहा, लेकिन पखवाड़ा बदलते ही मौसम बदलने के कारण धूप की तल्खी के साथ उमस से लोग संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे। पहले वायरल फीवर तो अब उल्टी दस्त, पेट में संक्रमण के साथ सांस के रोग तेजी से बढ़े हैं। सोमवार को जिला अस्पताल में संक्रामक रोगों की अधिकता के कारण भीड़ इस कदर देखी गई कि लोगों को परामर्श के लिए दो घंटे तक का इंतजार करना पड़ा। जांच रिपोर्ट देख चिकित्सकों ने दवाओं का परामर्श व एहतियात बरतने को कहा। ओपीडी में सर्वाधिक भीड़ डाॅ. रंजन की ओपीडी में देखने को मिली। चिकित्सक ने बताया कि मौसम में हो रहे लगातार परिवर्तन के कारण संक्रमण ने रफ्तार पकड़ी है। अधिकतर वायरल फीवर से जूझ रहे लोगों में अब उदर संक्रमण मिल रहे। इसमें उल्टी-दस्त, पेट दर्द, अपच व भूख न लगने की सर्वाधिक समस्या देखी जा रही है। बताया कि इससे निजात पाने का सिर्फ एक ही तरीका है कि खानपान में विशेष सावधानी बरते। भोजन हल्का, सुपाच्य व ताजा ही ग्रहण करें।