जनपद में एक महीने बाद मिला कोरोना संक्रमित केस
सतर्कता के साथ हर हाल में मास्क लगाने के साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करें : डॉ. आईए अंसारी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। ओमिक्रॉन से बचाव के सतर्कता के बीच करीब एक माह बाद शनिवार को जिले में एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। कोरोना संक्रमित के मिलते ही जिला स्वास्थ्य विभाग और सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रत्येक दिन लोगों को कोरोना से बचाव के प्रति सजग किया जा रहा है। जिले में कोरोना संक्रमित व्यक्ति के मिलने से चिकित्सकों ने बताया कि अब ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। लोग मास्क लगाना भूलते जा रहे हैं। लापरवाही से इसका बचाव नहीं हो सकता। सतर्कता बहुत जरूरी है। बीते एक माह से कोई केस नहीं मिला रहा था जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन जिले में अब तक कुल केस 12442 केस सामने आ चुके हैं। मरने वालों की संख्या 141 है। जिले में सक्रिय केस एक है। अब तक 12299 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। प्रत्येक दिन अधिक से अधिक लोगों की जांच करने की कोशिश की जा रही है। भारत नेपाल सीमा सोनौली बार्डर पर भी स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रत्येक दिन लोगों की जांच करने में जुटी है।
उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.आईए अंसारी ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। ऐसे में बचाव के प्रति ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत है। हर हाल में मास्क लगाने के साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करें।
17, 834 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
महराजगंज। कोरोनारोधी टीका लगाने के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। शनिवार को जिले में 17, 834 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। गांव में कैंप में ज्यादा भीड़ दिखी लेकिन अस्पताल में ज्यादा लोग नहीं दिखे जिससे लोगों को टीका लगवाने में परेशानी नहीं हुई।
महिला अस्पताल समेत घुघली, रतनपुर, फरेंदा, निचलौल, सिसवां, परतावल समेत अन्य केंद्रों पर टीका लगाने के साथ ही सदर सीएचसी की मोबाइल टीम ने भ्रमण कर टीका लगाया। सदर सीएचसी अधीक्षक डॉ.केपी सिंह ने बताया कि मोबाइल टीम भ्रमण कर टीका लगा रही है। कोई भी टीका लगने से वंचित न रहे। इसके लिए पूरी कोशिश की जा रही है। पारसामलिक प्रतिनिधि के अनुसार रतनपुर सीएचसी के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्राम पंचायतों में शनिवार को कोविड टीकाकरण के लिए 19 सेंटरों पर टीका लगाया गया। यहां पर 3940 लोगों का टीकाकरण किया गया।
जिला अस्पताल को सिटी स्कैन मशीन मिली
महराजगंज। अब जल्दी ही जिला अस्पताल में सिटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। इसके लिए कार्यदायी संस्था की ओर से पूरी तैयारी की गई है। शनिवार की रात मशीन जिला अस्पताल में आ जाएगी। इसके बाद इसे निर्धारित स्थान पर लगाया जाएगा। यह जानकारी सीएचएस डॉ. एके राय ने दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में संसाधनों को बेहतर किया जा रहा है। लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सके। इसके लिए हर संभव कोशिश जारी है।