महराजगंज। इंदरपुर-घुघली-ठूठीबारी मार्ग पर भुवना के पास करीब एक करोड़ रुपये की लागत से पुल तो बन गया लेकिन दोनों तरफ चढ़ने-उतरने का एप्रोच मार्ग बनाना यहां के अफसर भूल गए। आलम ये है कि जुलाई में पुल तो बन गया है लेकिन अब तक एप्रोच मार्ग न होने के कारण अब तक आवागमन शुरू नहीं हो सका है।
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाए गए करीब 10 मीटर चौड़े पुल का पूरा इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। एप्रोच मार्ग अधूरा होने से वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत होती है। लोगों को दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। एक ही लेन से वाहनों के गुजरने के कारण रोजाना जाम लग रहा है। हल्की बारिश में भी राहगीरों की परेशानी बढ़ जाती है। इस मार्ग से रोज गुजरने वाले स्कूली छात्रों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने विभाग से दोनों तरफ एप्रोच मार्ग जल्द पूरा कराकर दोनों लेन चालू कराने की मांग की है।
भुवना निवासी जोगेंद्र ने कहा कि पुल शुरू होने के बाद भी एप्रोच मार्ग दुरुस्त नहीं होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। इसे जल्द ठीक कराया जाना चाहिए। अरुण पांडेय ने कहा कि अधूरे रास्ते के कारण सबसे अधिक दिक्कत स्कूली छात्रों को हो रही है।
बोले अधिकारी
एप्रोच मार्ग पर गिट्टी डलवाई गई है। पुल निर्माण का कुछ काम बाकी है। बारिश के कारण काम प्रभावित हो रहा है। जल्द ही इसे ठीक करा दिया जाएगा।
सुनील यादव, जेई, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग