एक कोरोना पॉजिटिव मिला
महराजगंज। जिले में शुक्रवार को एक कोरोना पॉजिटिव मिला है। अब तक कुल केस 12417 हो चुका है जिसमें सक्रिय केस की संख्या 25 है। मरने वालों की 138 है। अब तक 12253 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। कोविड अस्पताल में इन दिनों कोई मरीज भर्ती नहीं है। यह जानकारी उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने दी।
जनपद में 2933 लोगों को लगाई गई कोरोनारोधी वैक्सीन
महराजगंज। कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए अब लोग ज्यादा जागरूक हो गए। यही कारण है कि केंद्रों पर लोगों की भीड़ लग जा रही है। ऐसे में भीड़ में धक्का-मुक्की करते हुए किसी तरह लोग टीका लगवा कर अपने आप को सुरक्षित करने में लगे हैं। शुक्रवार को जिले में 2933 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया।
महिला अस्पताल में टीका लगवाने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। यहां सबसे ज्यादा संख्या महिलाओं की रही। यही हाल जिले के रतनपुर, निचलौल, सिसवां समेत अन्य केंद्रों का रहा। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि केंद्रों पर टीका लगवाने के लिए बेहतर व्यवस्था है। पंजीकरण कराने के बाद प्रत्येक व्यक्ति को टीका लगाया जा रहा है।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुसार लक्ष्मीपुर सीएससी पर शुक्रवार को कोरोना वैक्सीनेशन के लिए महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिला। सीएचसी परिसर में सुबह 9 बजे से ही महिलाओं की लंबी कतार लग गई। शाम तक कुल 430 महिलाओं को वैक्सीन लगाई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर के अधीक्षक डॉ. दिवाकर राय ने बताया कि केवल महिलाओं के लिए ऑफलाइन टीकाकरण की व्यवस्था की गई थी जिसमें सुबह से ही महिला आधार कार्ड लेकर टीकाकरण के लिए कतार में खड़ी हो गईं। सीएचसी के ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि महिलाओं की सुविधा के लिए टीकाकरण के लिए दो टेबल लगाए गए। इस दौरान एएनएम रीता देवी, इन्द्रमती, आत्माराम आदि मौजूद रहे।
शिक्षकों ने टीकाकरण शिविर लगाने की उठाई मांग
लक्ष्मीपुर। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ब्लॉक इकाई लक्ष्मीपुर के पदाधिकारियों ने कोविड महामारी से बचने के लिए शिक्षकों को टीका लगवाने की मांग की। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर राय को पत्र देकर स्कूल खुलने से पूर्व सभी शिक्षकों को कोविड टीका लगाने के लिए बीआरसी परिसर में शिविर लगाने को कहा है। इस मौके पर अजय कुमार वर्मा, जितेंद गौड़, विपिन कुमार, आशुतोष कश्यप, सच्चिदानंद मिश्र, विकास पांडेय, राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। अधीक्षक डॉ. दिवाकर राय कहा कि जल्द ही शिविर लगा कर शिक्षकों का वैक्सीनेशन होगा। संवाद