12 वीं की छात्रा खुशी वर्मा बनी एक दिन की डीआईओएस।
महराजगंज। मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत शनिवार को डीआईओएस कार्यालय में 12वीं की छात्रा खुशी वर्मा को एक दिन का डीआईओएस बनाकर सम्मान दिया गया। खुशी ने भी कुर्सी संभालते हुए शिक्षा में डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए निर्देशित किया। डीआईओएस ऑफिस के अभिलेखागार में प्रपत्रों की सुरक्षा के साथ राजकीय पुस्तकालय का निरीक्षण किया।
मिशन शक्ति 5.0 फेज के तहत विभिन्न विभागों की कुर्सी पर बालिकाओं को बिठाकर सम्मान दिया जा रहा है। शनिवार को डीआईओएस ऑफिस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर काॅलेज की छात्रा खुशी वर्मा को एक दिन के लिए उक्त पद की जिम्मेदारी दी गई।
मौके पर प्रदीप कुमार शर्मा के साथ ऑफिस के सभी कर्मचारी मौजूद रहे। कुर्सी संभालते ही खुशी ने डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की जानकारी विद्यार्थियों को देने के लिए अतिरिक्त कक्षाओं के संचालन के निर्देश दिए। सभी इंटर कॉलेजों में बिजली, पानी और शौचालय जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर कर्मियों को सचेत किया। अभिलेखागार का निरीक्षण कर प्रपत्रों का रखरखाव बेहतर करने के निर्देश दिए। बीएसए ऑफिस के बगल में स्थित राजकीय पुस्तकालय पहुंचकर उपलब्ध किताबों के बारे में जानकारी ली। वापस कार्यालय पहुंचकर पद दायित्व वापस प्रदीप कुमार शर्मा को सौंपा। खुशी ने बातचीत में बताया कि डीआईओएस की कुर्सी पर बैठकर मुझे एहसास हुआ कि यह बहुत ही जिम्मेदारियों से भरा है। मौके पर बड़ेबाबू हरि प्रकाश, समग्र समन्वयक मुकेश कन्नौजिया, भूपेंद्र सिंह, रमेश कुमार मौजूद रहे।