युवक को पीटकर किया घायल
नौतनवां (महराजगंज)। कस्बे के गांधी चौक पर बृहस्पतिवार दोपहर मोटरसाइकिल से ठोकर लगने की बात को लेकर कहासुनी के बाद तमाम युवकों ने एक युवक को पीटकर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को अस्पताल ले जाकर इलाज कराया।
घायल दशरथ (30) निवासी डाली ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर वह नौतनवां में किसी काम से आए थे। जहां से वापस लौटने के दौरान गांधी चौक पर सामने से आ रहे एक बाइक पर सवार कुछ युवक उनके एक बाइक को ठोकर मार दी। इसका उन्होंने विरोध किया तो वह लोग आक्रोशित हो गए। कहासुनी के दौरान ही उनकी तरफ से कुछ और युवक पहुंच गए और सभी ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान गांधी चौक पर अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंच बीच-बचाव किया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इस दौरान उक्त सभी युवक मौके से फरार हो गए। उप निरीक्षक अरविन्द यादव ने तहरीर मिलने की पुष्टि की।