सिसवा बाजार। स्थानीय जनता विवाह घर में चल रही सात दिवसीय रामलीला महोत्सव में बुधवार की रात सीता खोज प्रसंग का मार्मिक मंचन किया गया। इसमें श्रीराम की व्याकुलता देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं।
हिंदू जागरण मंच के तत्वावधान में आयोजित रामलीला महोत्सव में स्थानीय कलाकार ही अभिनय कर रहे हैं। मंचन में दिखाया गया कि सीता हरण के बाद व्याकुल श्रीराम-लक्ष्मण वनों में सीता की खोज करते हुए जटायु से मिलते हैं। जटायु से सीता हरण की जानकारी पाकर श्रीराम भावुक हो जाते हैं। इसके बाद शबरी मिलन और ऋष्यमूक पर्वत पर सुग्रीव से मित्रता की लीला का मंचन हुआ। लीला के मुख्य आकर्षण बजरंग बली हनुमान रहे। हनुमान जी ने समुद्र लांघकर लंका में प्रवेश किया। अशोक वाटिका में सीता माता की खोज के दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।