सीएम से शिकायत के बाद डीएम ने गठित की थी जांच टीम
नौतनवा। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मुड़िला में दो पक्षों के बीच चल रहे भूमि विवाद की जांच के लिए जिलाधिकारी की ओर से गठित एक टीम सोमवार को नौतनवा पहुंची। टीम ने विवादित स्थल का भौतिक सत्यापन करते हुए लोगों से पूछताछ के आधार पर अपनी रिपोर्ट तैयार की। अग्रिम कार्रवाई के लिए रिपोर्ट को डीएम के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता गंगोत्री सिंह व सरोजनी सिंह, शान्ति सिंह निवासी ग्राम मुड़िला ने गत 10 नवंबर को गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर अपने विपक्षियों पर उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद भूमि पर कब्जा दखल में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया था। मामले का संज्ञान लेते हुए डीएम के निर्देश पर अतिरिक्त एसडीएम प्रेमशंकर पांडेय, तहसीलदार निचलौल अमित कुमार सिंह, नायब तहसीलदार सदर देश दीपक तिवारी एवं नायब तहसीलदार नौतनवा सौरभ श्रीवास्तव की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम को क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक व लेखपाल की उपस्थिति में स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच के बाद मामले का निस्तारण कराने तथा उसकी आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया था। अधिकारियों की संयुक्त टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची और मुआयना कर दोनों पक्षों का बयान दर्ज किया।
एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि डीएम के निर्देश पर गठित टीम ने विवादित स्थल का मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट तैयार की है। अग्रिम कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।