महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनरा गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर एक महिला की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। महिला के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोनरा निवासी श्याम वर्मा ने बताया कि उसके पिता भगेलु वर्मा अपनी भाभी संगीता से अक्सर बातचीत करते थे। इसको लेकर उसकी मां किरन विरोध करती थीं। आरोप है कि तीन अक्तूबर की दोपहर करीब 12 बजे श्याम ने अपने पिता को संगीता से बातचीत करते देखा। उसने पिता से अपनी आदत में सुधार करने के लिए कहा। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर भगेलु वर्मा और संगीता ने श्याम की मां किरन को गाली देना शुरू कर दिया। किरन ने इसका विरोध किया तो भगेलु ने उसकी पिटाई कर दी।
शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। परिजन ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। सदर कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में श्याम वर्मा की तहरीर पर भगेलु वर्मा और संगीता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।