चिलम चौक-चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों से अभद्रता का मामला
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के चिलम चौक चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान हुए विवाद के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। बुधवार रात हुई घटना के बाद बृहस्पतिवार को चौराहे और आसपास के टोलों में सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी दोनों देखने को मिली। मामले में दरोगा मंगला प्रसाद की तहरीर पर एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तीन युवकों को हिरासत में लेकर पुलिस ने जेल भिजवा दिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे श्यामदेउरवा-बड़हरा मार्ग स्थित चिलम चौक पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चौराहे से करीब 200 मीटर दूर रहने वाले रामा चौधरी बाइक लेकर घर से बाहर निकले। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ शुरू कर दी। रामा चौधरी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि उनका घर पास में ही है और वह वहीं तक जा रहे हैं। आरोप है कि इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और मामला बढ़ता चला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों और युवक के बीच मारपीट होने लगी। युवक की पत्नी अंगिरा देवी ने आरोप लगाया कि जब बचाव के लिए पहुंचीं तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और कुछ स्थानीय युवक बीच-बचाव करने पहुंचे।
घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुलाकर रामा चौधरी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं उपनिरीक्षक मंगला प्रसाद की तहरीर पर रामा चौधरी, उसकी पत्नी अंगिरा देवी, संजय गुप्ता और सोहन चौधरी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के दौरान कुछ लोगों के मोबाइल से वीडियो बनाने पर पुलिसकर्मियों ने अभद्रता की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। घटना के बाद से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान कुछ लोगों ने शराब के नशे में पुलिस टीम से अभद्रता की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पुलिसकर्मियों को धमकी भी दी। मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।