रात 9 के बाद से भोर 4 बजे तक बार-बार गुल हो रही है बिजली
बच्चे, बुजुर्ग व मरीजों को हो रही है काफी परेशानी, भीषण गर्मी में मिठौरा की बिजली व्यवस्था ध्वस्त
मिठौरा। भीषण गर्मी के बीच मिठौरा विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांवों और कस्बों में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। दिनभर उमस और तेज धूप झेलने के बाद रात में भी लगातार बिजली की ट्रिपिंग और घंटों कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि रात 9 बजे के बाद से भोर 4 बजे तक बिजली बार-बार गुल हो रही है, इस वजह से लोग चैन की नींद नहीं सो पा रहे हैं। बच्चे, बुजुर्ग व मरीजों को इससे काफी परेशानी हो रही है।
क्षेत्र के भागाटार निवासी प्रहलाद ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि मिठौरा की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उनका कहना है कि शाम ढलते ही कटौती शुरू हो जाती है और रातभर आंख-मिचौली चलती रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं दूसरी ओर बिजली संकट ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग पूरी रात छतों और खुले आसमान के नीचे समय बिताने को मजबूर हैं।
असलम, रंजीत साहनी, सुनील गुप्ता, विद्यासागर द्विवेदी, राहुल कनौजिया सहित कई उपभोक्ताओं ने बिजली निगम के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द सुधार की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। मिठौरा ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पिंटू निगम ने भी विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दिनभर की मेहनत के बाद जब लोग रात में आराम करने जाते हैं, तभी बिजली कटौती शुरू हो जाती है। इससे महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं इस मामले में मिठौरा विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि कटौती रोस्टिंग के आधार पर ही बैकुंठपुर स्थित उपकेंद्र से की जा रही है।