मिठौरा। साइबर ठगी के शिकार युवक को चौक पुलिस की साइबर सेल ने राहत दिलाते हुए उसके खाते में 8176 रुपये वापस करा दिए। पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित को रकम वापस मिल गई।
पुलिस के अनुसार, चौक थाना क्षेत्र के जगपुर उर्फ सलामतगढ़ निवासी शैलेश कुमार मौर्य पुत्र घिसियावन के साथ साइबर फ्रॉड हुआ था। पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर चौक पुलिस की साइबर सेल ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद शनिवार को पीड़ित के खाते में 8176 रुपये वापस करा दिए गए।
रकम वापस कराने वाली टीम में उपनिरीक्षक अंकित कुमार राय, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रिया सिंह और कांस्टेबल विशाल प्रजापति शामिल रहे। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है, ताकि समय रहते पीड़ित को राहत दिलाई जा सके।