निचलौल। निचलौल थाना क्षेत्र के हरदी गांव में शनिवार को टेंपो की ठोकर से घायल हुई महिला की रविवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका कोइला देवी (50) पत्नी अर्जुन चौहान हरदी गांव की रहने वाली थीं।
विज्ञापन
शनिवार रात करीब आठ बजे कोइला देवी अपने गांव में बने लक्ष्मी पूजा पंडाल से दर्शन कर घर लौटी थीं। वह अपने दरवाजे पर खड़ी थीं कि तेज रफ्तार से आ रहे टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया था। गंभीर रूप से घायल कोइला देवी को इलाज के लिए सीएचसी निचलौल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान रविवार की सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि टेंपो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।