निचलौल। थाना क्षेत्र की डोमा खास निवासी विद्यावती देवी शनिवार को पोते के साथ बाइक से भाई को राखी बांधने अपने मायके सिसवा जा रही थीं। झुलनीपुर खड्डा नहर पटरी के पास बाइक की टक्कर से उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, थाना क्षेत्र के डोमा खास निवासी गणेश की पत्नी विद्यावती देवी (55) रक्षाबंधन पर्व पर अपने भाई को राखी बांधने के लिए पोते के साथ बाइक से अपने मायके जा रही थीं। अभी वह झुलनीपुर खड्डा नहर पटरी की सड़क पर पहुंची थी। तभी एक बाइक सवार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
लोगों की मदद से उन्हे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी महिला की हालात में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल काॅलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा के अनुसार, मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।